Wednesday, December 25, 2019

1750 में अंग्रेज़ और पश्चिम के अन्य आर्थिक इतिहासकारों के अनुसार भारतवर्ष दुनिया के कुल गैर कृषि उत्पाद का 24.5 से लेकर 33% उत्पादन करता था। यह लगभग निर्विवाद है। बहस 24.5 और 33 के बीच की है। Huntington की बहुचर्चित पुस्तक A Clash of Civilisation मैं 33% वाला आंकड़ा है। माने 1750 तक भी भारत एक समृद्ध देश था।

अब दूसरी बात यह उत्पादन कोई राजा महाराजा, कोई सेठ साहूकार अपने मातहत या अपने कारखानों में नहीं करवाते थे। अम्बानी या टाटा उस समय नहीं थे। तो यह लोहे, तांबे, चमड़ा, मसालों, और विशेषकर सूती और रेशमी भी, कपड़ों का इतना बड़ा उत्पादन कौन करता था? ये हमारी कारीगर जातियां करती थी। इसमे किसी को शक नहीं होना चाहिए।

ये उत्पादन इन कारीगर जाति के लोग अपने अपने घर बैठ कर करते थे। उनका कारखाना उनके घर पर ही होता था। घर के लोग, औरत, मर्द, बच्चे सभी उसमे अपनी अपनी भूमिका निभाते थे। वे अपनी मर्ज़ी और अपनी रफ्तार से उत्पादन करते थे। उन पर कोई बंदिश, ज़ोर ज़बरदस्ती का सवाल नही था।

अब जरा सोचा जाय कि यह कारीगर जातियाँ कौन सी थीं। जिन्हें आज हम पिछड़ी, backward , scheduled caste दलित जातियाँ कहते हैं, वे ये कारीगर जातियाँ थी और आज भी अगर हुनर और कारीगरी बची है तो इन्ही जातियों के पास मिलेगी।

अब जरा सोचा जाय अपनी सामान्य बुद्धि से की जिन जातियों की वजह से इस देश मे इतना बड़ा उत्पादन हो रहा हो और वे उत्पादन करता स्वतंत्र रूप से मालिकाना अंदाज़ में उत्पादन करते हों, उनकी हालत क्या उतनी दयनीय हो सकती है जैसा आज हमें दिखाया जाता है और हमने उसे मान भी लिया लगता है।

इस सुंदर, समृद्ध व्यवस्था को किसे नष्ट किया गया उसके लिए एक पुस्तक का नाम देना चाहूंगा। अंग्रेज़ ने लिखी है करीब 1940/35 के आस पास। The white sahib in India by Reginald Reynold. गांधी जी ने इन्हें अंगद का नाम दिया था। किताबें तो और भी हैं पर अंग्रेज़ की बात पर लोगों को ज़्यादा यकीन होता हो शायद इसलिए।

एक और बात। 1857 में सिर्फ लक्ष्मी बाई ही घोड़े पर सवार हो कर नही लड़ी। उमा देवी, उदा देवी, झलकारी बाई इत्यादि दसियों नाम है जिनका नाम कुछेक लोग ही जानते है और अंगेज़ इतिहासकारों ने अपने हिसाब से इतिहास लिखा। इन बहादुर महिलाओं का कोई जिक्र ही नही। और हमारे रोमिला जी, इरफान साहेब जैसों ने उसी अंग्रेज़ी नज़रिये से लगभग, चीज़ों को देखा तो हमे यह सब मालूम नही। हालांकि इन महिलाओं की एक आध मूर्तियाँ आज भी आपको लखनऊ और राय बरेली जैसी जगहों पर चौरस्तों पर मिल जाएगी पर  चूंकि ये घोड़े पर सवार, हाथ में ढाल तलवार लिए होती हैं लोग रानी झांसी समझ लेते है। पास जा कर नाम कौन पढ़ता है।

मजे की बात यह है कि ये बहादुर महिलाएं पिछड़ी और दलित जातियों से हैं। इसे संज्ञान में अच्छी तरह लेना चाहिए। और यह भी ज़रा सोचिये कि क्या किसी को घोड़े पर बैठना, बैठना ही नही उसे दौड़ा कर ढाल तलवार के साथ युद्ध करना क्या एक दो दिन में कोई सीख सकता है? खेल नहीं है। इसके लिए बरसों की मेहनत चाहिए ,अभ्यास चाहिए। यह बिना जातिगत परंपरा के सम्भव ही नही। इसका अर्थ हुआ कि इस प्रकार की परंपराएं इन तथाकथित पिछड़ी और दलित जातियों में रहीं होंगी।

तो सवाल उठना चाहिए कि जो तस्वीर भारत के बारे मे, हमारी इन परिश्रमी और बहादुर जातियों के बारे में गढ़ी गई है, हमे दिखाई गई है और हमने मान लिया है वह कहां तक सच है।

जिन लोगो की, जातियों के उद्द्यम से भारत समृद्ध था, जिन जातियों में उत्पादन का सामर्थ्य था, जिनकी लड़कियां घोड़े पर बैठ कर छोटो सेना का नेतृत्व करती थी, जहाँ ऐसी परंपराएं थी उन जातियों की क्या वैसी हालत हो सकती है जैसी हमे दिखाई जाती रही है और हमने मान लिया है। कम से कम उस तस्वीर पर प्रश्न यो खड़े होने चाहिए।

पवन कुमार गुप्त
दिसंबर 25, 2019
pawansidh.blogspot.in

No comments: